--विज्ञापन यहां--

गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच CM सम्राट चौधरी ने लिया हालात का जायजा, अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश

पटना: बिहार में लगातार बढ़ रहे गंगा के जलस्तर और संभावित बाढ़ के खतरे के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को पटना में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने जेपी गंगा पथ सहित नदी के आसपास के इलाकों का जायजा लिया और अधिकारियों से मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संभावित बाढ़ को देखते हुए आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गंगा के जलस्तर, तटबंधों और संवेदनशील इलाकों पर लगातार निगरानी रखी जाए। संभावित रूप से प्रभावित लोगों को समय पर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रशासन को यह भी निर्देश दिया गया है कि बाढ़ की स्थिति में लोगों को भोजन, दवाइयां और अन्य जरूरी सुविधाएं समय पर उपलब्ध हों।

बिहार में गंगा समेत कई नदियों के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई है। आपदा प्रबंधन विभाग ने पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, नालंदा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद समेत कई जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को घाटों, तटबंधों और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है।

पटना में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच चुका है और आने वाले समय में स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई गई है। मोकामा के हथीदह में भी जलस्तर के उच्चतम बाढ़ स्तर को पार करने की संभावना को लेकर प्रशासन अलर्ट पर है। ऐसे में जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को राहत एवं बचाव की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य बाढ़ की स्थिति में लोगों को किसी तरह की परेशानी न होने देना और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण भी करेंगे और इसके बाद उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में बाढ़, तटबंधों की स्थिति, जलजमाव और राहत-बचाव अभियानों की समीक्षा की जाएगी।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

यह भी पढ़ें