--विज्ञापन यहां--

बाल साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता का संदेश, फाउंडेशन स्कूल पटना में साइबर जागरूकता कार्यक्रम

पटना, 9 सितंबर 2026। ‘साइबर सिक्योर बिहार’ अभियान के तहत फाउंडेशन स्कूल, पटना में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अभियान प्रमुख अभिनव दास, स्कूल की प्राचार्य मोनिका दत्त मिश्रा, महिला थाना, पटना की थानाध्यक्ष शाइमा परवीन तथा महिला थाना की डीएसपी ने विद्यार्थियों से संवाद किया।

अभियान प्रमुख अभिनव दास ने विशेष प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को बाल साइबर अपराध, साइबर बुलिंग, फर्जी पहचान, सोशल मीडिया ठगी, ऑनलाइन गेमिंग धोखाधड़ी, संदिग्ध कड़ियों और निजी जानकारी के दुरुपयोग जैसे खतरों के बारे में सरल उदाहरणों के साथ जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी तस्वीर, मोबाइल नंबर, पता, विद्यालय संबंधी जानकारी, पासवर्ड और ओटीपी जैसी निजी जानकारी अनजान लोगों के साथ साझा नहीं करने तथा किसी संदिग्ध कड़ी या संदेश पर बिना सत्यापन के कार्रवाई नहीं करने की अपील की।

अभिनव दास ने कहा, “आज बच्चे डिजिटल दुनिया के सबसे सक्रिय उपयोगकर्ताओं में हैं। इसलिए उन्हें इंटरनेट का उपयोग करने के साथ-साथ सुरक्षित रहना भी सीखना होगा। ऑनलाइन किसी भी परेशानी को छिपाने के बजाय तुरंत माता-पिता, शिक्षक या किसी भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए।”

प्राचार्य मोनिका दत्त मिश्रा ने विद्यार्थियों को सुरक्षित और जिम्मेदार तरीके से डिजिटल माध्यमों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया तथा कार्यक्रम में मिली जानकारी को परिवार के साथ साझा करने की अपील की।

महिला थाना, पटना की थानाध्यक्ष शाइमा परवीन ने विशेष रूप से बालिकाओं से जुड़े साइबर अपराधों और ऑनलाइन सुरक्षा पर जानकारी दी। उन्होंने फर्जी पहचान, निजी तस्वीरों के दुरुपयोग, ऑनलाइन उत्पीड़न, धमकी और पीछा करने जैसी घटनाओं के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि ऐसी किसी भी घटना की जानकारी छिपाने के बजाय तुरंत अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को दें।

कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा का संदेश दिया गया— “रुकें, सोचें, सत्यापित करें, फिर कार्रवाई करें।”

साइबर वित्तीय ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 पर शिकायत करने की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें