
हर छात्र बने साइबर प्रहरी : रणजीत मिश्रा
पटना, 27 अगस्त 2026। विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने और उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनाने के उद्देश्य से ‘साइबर सिक्योर बिहार’ अभियान के तहत आज मानव भारती इंटरनेशनल स्कूल, पटना में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्वलन एवं श्री रंजीत कुमार मिश्रा, आईपीएस, महानिरीक्षक, साइबर क्राइम एंड सिक्योरिटी यूनिट (CCSU), बिहार के अभिनंदन एवं सम्मान के साथ हुआ। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य के बाद साइबर अपराधों पर आधारित नुक्कड़ नाटक ने ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में श्री रंजीत कुमार मिश्रा, आईपीएस, डॉ. राजेश कुमार, आई4सी साइबर विशेषज्ञ और श्री अभिनव दास, साइबर अपराध पर आधारित बेस्टसेलर ‘वेबकूफ’ के लेखक एवं ‘साइबर सिक्योर बिहार’ अभियान के प्रमुख ने विद्यार्थियों से संवाद किया।
जागरूकता सत्र के दौरान विद्यार्थियों को UPI फ्रॉड, OTP ठगी, फिशिंग, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी मोबाइल ऐप, QR कोड फ्रॉड और अन्य साइबर अपराधों के बारे में सरल एवं व्यावहारिक जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, OTP या बैंकिंग जानकारी साझा करने तथा अनजान व्यक्ति के दबाव में ऑनलाइन लेन-देन करने से बचने की सलाह दी।
अभिनव दास ने कहा, “आज का विद्यार्थी केवल डिजिटल यूजर नहीं, बल्कि साइबर सुरक्षा का प्रहरी भी बन सकता है। जरूरत है कि हर बच्चा STOP, THINK, VERIFY और THEN ACT के सिद्धांत को अपनी डिजिटल आदत बनाए। साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत 1930 पर कॉल करना और सही समय पर शिकायत दर्ज करना बेहद महत्वपूर्ण है।”
कार्यक्रम को विद्यार्थियों के लिए संवादात्मक बनाने के लिए साइबर चैंप क्विज, साइबर सुरक्षा पेंटिंग प्रतियोगिता और इंटरैक्टिव प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने साइबर विशेषज्ञों एवं पुलिस अधिकारियों से सीधे सवाल पूछे और अपनी डिजिटल सुरक्षा से जुड़े अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने स्वयं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा अपने परिवार और समाज में साइबर सुरक्षा का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों तथा विजेताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मानव भारती इंटरनेशनल स्कूल के प्राचार्य श्री अनुपम मिश्रा एवं विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
‘साइबर सिक्योर बिहार’ अभियान का उद्देश्य बिहार के विद्यार्थियों, युवाओं, अभिभावकों और आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए एक सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल समाज के निर्माण में भागीदार बनाना है.












