--विज्ञापन यहां--

15 अगस्त को पटना के ऊर्जा स्टेडियम में सजेगा ‘इंडिपेंडेंस कप 2026’ का महामुकाबला, खेल के साथ गूंजेगा साइबर सुरक्षा का संदेश

साइबर क्राइम से आज़ादी का संदेश देगा इंडिपेंडेंस कप 2026 कॉरपोरेट क्रिकेट

पटना, 13 अगस्त।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर साइबर सिक्योर बिहार अभियान की ओर से इंडिपेंडेंस कप 2026 कॉरपोरेट क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। 15 अगस्त 2026 को दोपहर 1 बजे ऊर्जा स्टेडियम में होने वाले इस विशेष मुकाबले में कॉरपोरेट एवं प्रोफेशनल क्षेत्र से जुड़े खिलाड़ी क्रिकेट के मैदान पर अपना दमखम दिखाएंगे।

इस वर्ष इंडिपेंडेंस कप 2026 की मुख्य थीम “साइबर क्राइम से आज़ादी” रखी गई है। आयोजन के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस की भावना को साइबर सुरक्षा और डिजिटल जागरूकता के संदेश से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

इंडिपेंडेंस कप 2026 के आयोजन की जिम्मेदारी आयोजन समिति के सदस्यों मनोज पांडेय, अभिनव दास, आरजे विजेता और धीरज सिन्हा को दी गई है। समिति द्वारा खिलाड़ियों के समन्वय, आयोजन की तैयारियों और मैच के सफल संचालन को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

“डिजिटल सुरक्षा भी आज़ादी का हिस्सा” : अभिनव दास

साइबर सिक्योर बिहार अभियान के कैंपेन लीड अभिनव दास ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में साइबर अपराध से सुरक्षा भी स्वतंत्रता का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

उन्होंने कहा, “आज साइबर अपराध हमारे डिजिटल जीवन के सामने एक बड़ी चुनौती है। इंडिपेंडेंस कप 2026 के माध्यम से हम खेल और मनोरंजन के साथ लोगों तक साइबर सुरक्षा का महत्वपूर्ण संदेश पहुंचाना चाहते हैं। हमारा उद्देश्य है कि हर नागरिक डिजिटल रूप से जागरूक बने और साइबर अपराध के खिलाफ सतर्क रहे।”

उन्होंने कहा कि जिस तरह क्रिकेट में हर गेंद खेलने से पहले खिलाड़ी स्थिति को समझता है, उसी तरह डिजिटल दुनिया में भी किसी लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी साझा करने या ऑनलाइन भुगतान करने से पहले रुकना, सोचना और सत्यापन करना जरूरी है।

30 खिलाड़ी होंगे शामिल

इंडिपेंडेंस कप 2026 में कुल 30 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें शिवेश, फराह, सिबगत, राकेश, डॉ. गगन, सुबो, सनी, पिंकू, परिचय, मोनू कोहली, शम्सी, धर्मेंद्र, राठौर, हंटर, अमन, आचार्य, सिंटू, रवि, रवि, मनोज, धीरज, धीरज, चंदन, विजेता, अमित, अभिनव दास, हंजाला, लव, आनंद और हर्ष शामिल हैं।

क्रिकेट के मैदान से साइबर सुरक्षा का संदेश

मुकाबले के दौरान ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई ठगी, क्यूआर कोड स्कैम, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया फ्रॉड से बचाव को लेकर जागरूकता संदेश भी दिया जाएगा।

आयोजन का संदेश है—

“मैदान पर हर गेंद सोच-समझकर खेलें, डिजिटल दुनिया में हर क्लिक सोच-समझकर करें।”

इंडिपेंडेंस कप 2026 में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के लिए विजेता एवं उपविजेता कप, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक और मैच के जांबाज खिलाड़ी जैसे विशेष पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित यह कॉरपोरेट क्रिकेट मुकाबला खेल, राष्ट्रभक्ति और साइबर जागरूकता को एक मंच पर लाने की पहल है। इंडिपेंडेंस कप 2026 का संदेश स्पष्ट है—

“साइबर क्राइम से आज़ादी, सुरक्षित डिजिटल भविष्य की ओर एक कदम।”

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें