--विज्ञापन यहां--

ऊर्जा स्टेडियम में गूंजा ‘साइबर क्राइम से आज़ादी’ का संदेश, 22 रन से स्वराज शक्ति ने जीता इंडिपेंडेंस कप 2026

साइबर क्राइम से आज़ादी का संदेश लेकर मैदान पर उतरा इंडिपेंडेंस कप 2026

पटना, 15 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इंडिपेंडेंस कप 2026 कॉरपोरेट क्रिकेट मुकाबले में क्रिकेट के रोमांच के साथ साइबर सुरक्षा और डिजिटल जागरूकता का संदेश भी गूंजा। ऊर्जा स्टेडियम, पटना में खेले गए रोमांचक मुकाबले में स्वराज शक्ति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वतंत्रता शौर्य को 22 रनों से हराकर इंडिपेंडेंस कप 2026 का खिताब अपने नाम किया।

22 रन से स्वराज शक्ति ने दर्ज की शानदार जीत

मुकाबले में टॉस जीतकर स्वराज शक्ति ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 23.1 ओवर में 135 रन का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्वतंत्रता शौर्य की टीम 113 रन पर सिमट गई। इस तरह स्वराज शक्ति ने मुकाबला 22 रनों से जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

मोनू कोहली और सिबगत ने संभाली पारी

स्वराज शक्ति की ओर से बल्लेबाजी में मोनू कोहली ने 36 गेंदों पर 27 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। वहीं सिबगत राशिद ने महज 19 गेंदों पर 24 रन बनाए, जबकि सुबो ने 15 गेंदों पर 19 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती दी।

रणविजय की घातक गेंदबाजी, 5 विकेट झटके

स्वराज शक्ति की जीत में गेंदबाजों की भूमिका बेहद अहम रही। रणविजय कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3.1 ओवर में महज 16 रन देकर 5 विकेट हासिल किए।

वहीं रवि ने 5 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट चटकाए। धीरज कुमार सिन्हा ने भी 5 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। गेंदबाजों के इस शानदार प्रदर्शन के सामने स्वतंत्रता शौर्य की बल्लेबाजी टिक नहीं सकी।

क्रिकेट के साथ गूंजा ‘साइबर क्राइम से आज़ादी’ का संदेश

इंडिपेंडेंस कप 2026 की इस वर्ष की थीम “साइबर क्राइम से आज़ादी” रही। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों को OTP फ्रॉड, UPI ठगी, QR Code Scam, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया फ्रॉड से बचाव को लेकर जागरूक किया गया।

साइबर सिक्योर बिहार अभियान के कैंपेन लीड अभिनव दास ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल देश की आजादी का उत्सव नहीं, बल्कि सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल भविष्य की दिशा में संकल्प लेने का अवसर भी है।

उन्होंने कहा, “आज साइबर अपराध हमारे डिजिटल जीवन के सामने एक बड़ी चुनौती है। जिस तरह क्रिकेट में हर गेंद खेलने से पहले खिलाड़ी स्थिति को समझता है, उसी तरह डिजिटल दुनिया में भी किसी लिंक पर क्लिक करने, OTP साझा करने या ऑनलाइन भुगतान करने से पहले रुकना, सोचना और सत्यापन करना जरूरी है।”

आयोजन समिति ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

इंडिपेंडेंस कप 2026 के सफल आयोजन की जिम्मेदारी मनोज पांडेय, अभिनव दास, आरजे विजेता और धीरज सिन्हा की आयोजन समिति ने संभाली। खिलाड़ियों के समन्वय से लेकर मैच के सफल संचालन तक समिति के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

आयोजन का उद्देश्य कॉरपोरेट और प्रोफेशनल जगत को खेल के माध्यम से जोड़ने के साथ-साथ साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा।

खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

मैच के बाद शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता कप के साथ सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक और मैच के जांबाज खिलाड़ी जैसे विशेष पुरस्कार भी दिए गए। इन पुरस्कारों के माध्यम से खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को सराहा गया और उनका उत्साह बढ़ाया गया।

स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित इंडिपेंडेंस कप 2026 केवल एक क्रिकेट प्रतियोगिता बनकर नहीं रहा, बल्कि यह सुरक्षित डिजिटल भारत और साइबर क्राइम से आज़ादी की दिशा में जागरूकता का प्रभावी मंच भी बना। ऊर्जा स्टेडियम में क्रिकेट के रोमांच के साथ दिया गया यह संदेश लोगों को डिजिटल दुनिया में सतर्क, जागरूक और जिम्मेदार रहने की प्रेरणा देता नजर आया।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें